सार्वजनिक स्थानों व ढाबों में बैठकर शराब पीना पड़ा भारी 55 नशेड़ी दबोचे गए महिलाओं पर फब्तियां कसने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिसके चलते पुलिस द्वारा कार्यवाही कर ऑपरेशन प्रहार के तहत हुडदंगियों को मर्यादा का पाठ पढ़ाया।
असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान
मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों होटल-ढाबों और सड़कों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने थाना अध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में अलग अलग टीमों का गठन कर क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे खुले में शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे कुल 55 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
81 के तहत चालानी कार्रवाई
सभी आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय निकलने वाली महिलाओं पर शराब के नशे में कुछ लोग अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन या सेवन कराने की गतिविधि में लिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि हरिद्वार पुलिस द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।