कोलकाता: अमित शाह की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा ने शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान सुवेंदु अधिकारी (नेता प्रतिपक्ष और भवानीपुर व नंदीग्राम के उम्मीदवार) भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे। भाजपा ने राज्य के लिए ‘15 सूत्रीय संकल्प पत्र’ पेश करते हुए इसे ‘भरोशार शपथ’ नाम दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: भाजपा का ‘भरोशार शपथ’ 15 वादों का विस्तृत खाका
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना ‘भरोशार शपथ’ संकल्प पत्र जारी किया है। इसमें कानून-व्यवस्था, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आय और औद्योगिक विकास जैसे अहम मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है।
- राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ पर सख्ती
भाजपा ने अवैध घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताते हुए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने और कड़े कदम उठाने का वादा किया।
- भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र
पिछले 15 वर्षों में हुए कथित भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की बात कही गई।
- सिंडिकेट राज और ‘कट मनी’ खत्म*
राज्य में ‘सिंडिकेट’ और ‘कट मनी’ प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने का दावा किया गया है।
- सरकारी कर्मचारियों को राहत
सभी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता (DA) और 7वें वेतन आयोग को लागू करने का आश्वासन दिया गया।
- रोजगार और युवाओं के लिए योजना
5 वर्षों में 1 करोड़ रोजगार/स्वरोजगार के अवसर देने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही बेरोजगार युवाओं को ₹3000 मासिक सहायता देने की योजना है।
- महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण
‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ के गठन और सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण देने का वादा किया गया।
- महिलाओं को आर्थिक सहायता
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ₹3000 मासिक आर्थिक सहायता देने की योजना भी शामिल है।
- भाषा और सांस्कृतिक पहचान
कुर्माली और राजबोंगशी भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
- कृषि और किसानों के लिए कदम
धान, आलू और आम के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने की बात कही गई।
- मछुआरों के लिए पहल
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पंजीकरण और राज्य को मछली उत्पादन व निर्यात का केंद्र बनाने का लक्ष्य।
- समान नागरिक संहिता और कानून व्यवस्था
Uniform Civil Code लागू करने और पशु तस्करी रोकने के लिए कड़े कानून बनाने की बात कही गई।
- चाय और जूट उद्योग को बढ़ावा
दार्जिलिंग चाय की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और जूट उद्योग के आधुनिकीकरण पर जोर।
- स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़े वादे
आयुष्मान भारत लागू करने, महिलाओं के लिए मुफ्त HPV वैक्सीनेशन और उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT, IIM जैसे संस्थान खोलने की योजना।
- सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण
‘वंदे मातरम संग्रहालय’ की स्थापना कर सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने का वादा।
- धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी
धार्मिक आस्थाओं और परंपराओं की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाने की बात।
अमित शाह का बयान
घोषणापत्र जारी करने के बाद अमित शाह ने कहा - “हमारे संकल्प पत्र का मूल उद्देश्य भय रहित बंगाल की रचना और भरोसे से युक्त बंगाल का पुनर्निर्माण है।”
चुनाव कार्यक्रम*
- मतदान: 23 और 29 अप्रैल
- मतगणना: 4 मई