पश्चिम बंगाल - पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर आज बीजेपी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। कोलकाता में एक भव्य समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। बंगाल में बीजेपी अपने संकल्प पत्र में सबसे ज्यादा फोकस अवैध घुसपैठ, महिला सुरक्षा और विकास पर करेगी। इसके साथ ही रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य के मुद्दे पर भी बीजेपी बड़ा ऐलान कर सकती है। किसानों पर भी बीजेपी चुनावी दांव लगा सकती है।
बीजेपी के संकल्प पत्र में PM मोदी की 6 गारंटी
बीजेपी के संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वो 6 गारंटी भी शामिल हो सकती है जिनका ऐलान एक दिन पहले ही पीएम मोदी ने किया था। वहीं, आज गृहमंत्री अमित शाह पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी हुंकार भरेंगे। अमित शाह दोपहर 3 बजे डेबरा के बालिचक भजहरि हाई स्कूल मैदान रैली को संबोधित करेंगे। शाह की दूसरी रैली शाम 5 बजे खड़गपुर सदर के अतुलमोनी स्कूल में होगी।
TMC से त्रस्त बंगाल अब परिवर्तन चाहता है
इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि, TMC से त्रस्त बंगाल अब परिवर्तन चाहता है। आज कोलकाता में TMC के ‘भय राज’ से बंगाल को मुक्त करने के आधार, भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ का विमोचन करूँगा। इसके पश्चात, पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा और खड़गपुर में रोड-शो के माध्यम से प्रदेश के बहनों-भाइयों के बीच रहने के लिए उत्सुक हूँ।