हरिद्वार में आयोजित एक विचार गोष्ठी में उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने नारी शक्ति वंदन बिल को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस बिल के लागू होने से संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा जिससे न केवल राजनीति में बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी उनकी भागीदारी और प्रभाव मजबूत होगा।
महिलाओं को आगे बढ़ाने की सोच धरातल
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आगे बढ़ाने की सोच लगातार धरातल पर उतर रही है और नारी शक्ति वंदन बिल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे देश में महिलाओं की भूमिका और अधिक सशक्त होकर सामने आएगी। रेखा आर्य ने यह भी कहा कि सरकार स्थानीय निकायों से लेकर पंचायत स्तर तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना लोकतंत्र को और मजबूत बनाता है।
गैस कालाबाजारी पर छापेमारी
वहीं घरेलू गैस की कालाबाजारी के मुद्दे पर मंत्री ने जानकारी दी कि कई स्थानों पर छापेमारी की गई है और आपूर्ति व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले में सख्त रुख अपनाए हुए है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अंत में उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस महिलाओं को अधिक अधिकार और अवसर प्रदान करना है जिससे वे हर क्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ सकें और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।