मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देशन में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस की टीम ने एक रिश्वतखोर अधिकारी को दबोच लिया। उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में विजिलेंस की टीम ने उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पेड़ों को काटने की अनुमति देने की एवज में मांग
आरोपी निरीक्षक द्वारा आम के 16 पेड़ों को काटने की अनुमति देने की एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। किच्छा कोतवाली अंतर्गत ग्राम गऊघाट निवासी पीड़ित किसान द्वारा टोल फ्री नंबर 1064 पर अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। सूचना के बाद विजिलेंस की टीम ने आरोपी निरीक्षक को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया। पीड़ित किसान के अनुसार उसके द्वारा किच्छा कोतवाली अंतर्गत ग्राम गऊघाट में किसानों से आम के पेड़ खरीदे थे जिन्हें काटने के लिए उद्यान विभाग में अर्जी लगाई गई थी। आरोप है कि उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे द्वारा पेड़ काटने की अनुमति देने की एवज में 12 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। योजना के तहत विजिलेंस की टीम ने किच्छा स्थित कार्यालय में उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। विजिलेंस की टीम आरोपी बादल पांडे को अपने साथ हल्द्वानी कार्यालय ले गई है।