यूपी में शनिवार को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न और उसके विकल्प को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल प्रश्न में पूछा गया था— अवसर के अनुसार बदल जाने वाले के लिए एक शब्द में उत्तर दें। इसके विकल्पों में पंडित भी शामिल था। इस विकल्प को लेकर राजनीतिक हलकों में आपत्ति जताई गई है और बीजेपी समेत सरकार के सहयोगी दलों ने भी इसे अनुचित बताया है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जताई नाराजगी
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर इस विवादित प्रश्न के ऑप्शन को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमें कड़ी आपत्ति है। सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए।
मामले की जांच के आदेश
ब्रजेश पाठक ने बताया कि पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रदेशभर में चल रही एसआई दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए इस सवाल पर विवाद बढ़ने के बाद भर्ती बोर्ड ने भी जांच के आदेश दिए हैं।
Comments (0)