पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग जल्द ही करने वाला है और इसके मद्देनज़र राजनीतिक बहस और जुबानी जंग तेज हो गई है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने बीजेपी नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के एक बयान को लेकर उन पर और बीजेपी पर जमकर हमला बोला है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए टीएमसी ने लिखा, 'पार्टी बीजेपी नेताओं द्वारा पश्चिम बंगाल की निर्वाचित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सार्वजनिक मंच से महिलाओं के प्रति घटिया और अपमानजनक भाषा का उपयोग करने की कड़ी निंदा करती है.'
टीएमसी का कहना है कि बीजेपी नेताओं द्वारा सत्ता में बैठे महिला मुख्यमंत्री को खुलेआम धमकी देना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है बल्कि निराशाजनक और घृणास्पद भी है.
टीएमसी ने यह सवाल उठाया है कि बीजेपी नेताओं को कैसे हिम्मत होती है कि वे उस महिला के खिलाफ इस तरह की कठोर और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करें जिसे लोगों ने बार-बार चुना है. “नारी शक्ति” जैसे नारे लगाने वाली पार्टी के असली चेहरे को अब छिपाया नहीं जा सकता. महिलाओं के प्रति उनका सम्मान केवल दिखावा है और वास्तविकता इससे कोसों दूर है.
टीएमसी का कहना है कि बंगाल की जनता अपनी मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की धमकियों, डराने-धमकाने और नफरत में भरी विचारधारा को कभी सहन नहीं करेगी.
मिथुन चक्रवर्ती ने क्या कहा था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान दिग्गज अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती ने भी कोलकाता में मंच से जनसभा को संबोधित किया था. इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं तुम्हें पहले से ही आगाह कर रहा हूं. एक बार हाथ टूटा है, तो एक बार पैर. लेकिन इस बार, हो सकता है कुछ और ही टूट जाए-इसलिए उसके लिए तैयार रहना; हो सकता है तुम्हें ICU में भी भर्ती होना पड़ जाए. और ज़रा सोचो, अगर तुम ICU से ही भाषण देने लगो, तो वह नज़ारा कैसा होगा!'
Comments (0)