उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 19 से 22 मार्च के बीच सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। बृहस्पतिवार से पश्चिमी जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू होगा, जो 20 मार्च तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में फैलने की संभावना है।
50 किमी/घंटा तक तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 मार्च के लिए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के 18 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 23 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई गई है।
तापमान में आएगी गिरावट
तापमान की बात करें तो बांदा मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी में 37.6 और प्रयागराज में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को हल्की बढ़ोतरी के बाद 19 मार्च से मौसम बदलने के साथ अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।
अगले दो दिन बारिश और तेज हवाओं का असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। दो दिन तक कई इलाकों में बूंदाबांदी और तेज झोंके देखने को मिल सकते हैं।
राजधानी में बढ़ी गर्मी, जल्द मिलेगा राहत
लखनऊ में मंगलवार को तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को तापमान में हल्की बढ़त बनी रह सकती है, लेकिन बृहस्पतिवार से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम में बदलाव साफ नजर आएगा और गर्मी से राहत मिलेगी।
Comments (0)