आज उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव की मतगणना हो रही है। यह मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है। मतगणना के लिए राज्यभर में कुल 54 मतगणना केंद्र बनाए हैं, जहां 6366 कर्मचारी वोटों की गिनती में लगे हुए हैं। वहीं, मतगणना के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रशासन की तरफ से बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, जो पूरी गतिविधियों पर करीब से नजर बनाए हुए हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रदेश में 23 जनवरी को नगर निकाय के चुनाव हुए थे। तीनों निकायों का कुल मतदान प्रतिशत 57.71 था। नगर पालिका बागेश्वर में 54.18 फीसदी, नगर पंचायत कपकोट में 65.70 फीसदी, नगर पंचायत गरुड़ में 66.37 फीसदी, जनपद पिथौरागढ़ में 65 फीसदी, धारचूला में 66 फीसदी, डीडीहाट में 72.36 फीसदी मतदान हुआ था। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। जांच के बाद ही मतगणना स्थल पर लोगों को एंट्री मिल रही हैं।
8 बजे से वोटों की गिनती शुरु हो गई
बता दें कि 27 दिसंबर से नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीदने की प्रक्रिया शुरु हुई थी। 30 दिसंबर 2024 तक नामांकन पत्र खरीदे गए थे। 31 दिसंबर से 1 जनवरी, 2025 तक नामांकन पत्रों की जांच की गई थी। नामांकन पत्रों की जांच करने के बाद 2 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तक नाम वापसी की प्रक्रिया चली। तीन जनवरी को चुनाव चिन्ह बांटा गया था। सभी प्रत्याशियों ने 21 जनवरी की शाम 5 बजे तक जमकर प्रचार प्रसार किया। आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरु हो गई है।
Comments (0)