कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल का दौर देखने को मिला है। दार्जिलिंग जिले के कर्सियांग से पूर्व बीजेपी विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा ने अब कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। शुक्रवार को कोलकाता स्थित विधान भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होते ही उन्होंने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। विष्णु प्रसाद शर्मा ने कहा, “कांग्रेस ने सब कुछ दिया, जबकि बीजेपी ने सिर्फ वादे किए।” उन्होंने गोरखाओं के विकास और अधिकारों के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा।
बीजेपी से नाराजगी के बाद अब कांग्रेस में शामिल हुए विष्णु प्रसाद शर्मा
विष्णु प्रसाद शर्मा पिछले काफी समय से बीजेपी के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उन्होंने कई बार सार्वजनिक रूप से पार्टी में बने रहने को लेकर भी सवाल उठाए थे। बीजेपी से मतभेद के बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर किस्मत आजमाई थी। इसके बाद 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। अब तृणमूल छोड़कर उन्होंने कांग्रेस में अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की है।
2021 में BJP के टिकट पर जीता था कर्सियांग विधानसभा क्षेत्र
गौरतलब है कि 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में विष्णु प्रसाद शर्मा बीजेपी के टिकट पर कर्सियांग विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। उस चुनाव में उन्होंने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार शेरिंग लामा दहल को 15 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2024 में बीजेपी के साथ उनके मतभेद खुलकर सामने आ गए। इसके बाद उन्होंने पार्टी से अलग राह अपनाते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ा।
‘गोरखाओं के लिए कांग्रेस ने कई काम किए, बीजेपी ने सिर्फ आश्वासन दिया’
कांग्रेस में शामिल होने के बाद विष्णु प्रसाद शर्मा ने गोरखाओं के विकास के मुद्दे पर बीजेपी को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि गोरखाओं के लिए गोरखा काउंसिल से लेकर कई महत्वपूर्ण काम कांग्रेस के शासनकाल में किए गए। वहीं, बीजेपी ने गोरखाओं को केवल आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “गोरखाओं के लिए कांग्रेस ने क्या-क्या नहीं किया! बीजेपी ने आखिर क्या दिया? सिर्फ वादे किए। हकीकत में काम करना और सिर्फ वादे करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। मैं उनके साथ हूं, जो जमीन पर उतरकर काम कर रहे हैं।”
शुभंकर सरकार का भरोसा- संविधान के मुताबिक गोरखाओं को मिलेगा उनका अधिकार
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भी गोरखाओं के अधिकारों को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि संविधान के मुताबिक गोरखाओं को जो भी अधिकार मिलना चाहिए, कांग्रेस उन्हें देने के लिए प्रतिबद्ध है। शुभंकर सरकार ने बताया कि इस बार पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र भी नए सिरे से तैयार किया गया है।
सीपी जोशी और रोहन मित्र की मौजूदगी में हुआ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम
विधान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के केंद्रीय नेता सीपी जोशी, प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार, रोहन मित्र समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति में विष्णु प्रसाद शर्मा ने कांग्रेस का झंडा थामकर पार्टी की सदस्यता ली। उनके अलावा विभिन्न जिलों और ब्लॉक स्तर के कई तृणमूल नेताओं ने भी इस दिन कांग्रेस का दामन थामा।