ठाकुरनगर: नागरिकता और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे मतुआ समुदाय के लोगों के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा आश्वासन दिया है। ठाकुरनगर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मतुआ गोसाईं सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 दिसंबर तक CAA के तहत नागरिकता प्रमाणपत्र देने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। इसके बाद जनवरी में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भी सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
हर जिले के डीएम के साथ हुई बैठक, ढाई लाख आवेदनों पर सुनवाई
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने नवान्न में सभी जिलों के जिलाधिकारियों (DM) के साथ कार्यशाला आयोजित कर CAA से संबंधित दिशा-निर्देश साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 2.5 लाख आवेदकों की सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है और निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मतुआ समुदाय के लोगों से अपील की कि वे नागरिकता को लेकर चिंता न करें और प्रक्रिया पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें।
CAA प्रमाणपत्र के बाद वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने की तैयारी
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नागरिकता और पुराने दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं के कारण कई लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनवरी में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान CAA प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले लोगों के नाम दर्ज कराने के लिए पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को आवेदन करने के लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में भी सरकार मदद करेगी, ताकि वे अपने मताधिकार से वंचित न रहें।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर साधा निशाना
सम्मेलन के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने CAA के विरोध को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाया था।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मतुआ समुदाय के लोगों ने राज्य में भाजपा को समर्थन दिया है और उनकी समस्याओं का समाधान करना मौजूदा सरकार की प्राथमिकता है।
मतुआ बोर्ड को 50 करोड़ रुपये देने का ऐलान
मुख्यमंत्री ने मतुआ समुदाय के विकास के लिए कई योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मतुआ बोर्ड का पुनर्गठन किया जाएगा और चालू वित्त वर्ष में समुदाय के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे।
इसके अलावा गोसाईं समाज के कल्याण के लिए नई योजनाएं शुरू करने, चांदपाड़ा स्वास्थ्य केंद्र के विकास और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का भी आश्वासन दिया।