कोलकाता: हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट की ओर से दिव्यांग नागरिकों को दुर्गा पूजा की खुशियों से जोड़ने के लिए ‘श्रद्धा’ कार्यक्रम के तहत विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस कमिश्नरेट के अखिलेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि इस पहल के तहत हर साल दिव्यांग नागरिकों को कोलकाता और हावड़ा के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कराया जाता है। इस वर्ष भी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि दिव्यांग नागरिक दुर्गोत्सव का आनंद ले सकें।
पहले दिन कोलकाता के 9 पूजा पंडालों का भ्रमण
अखिलेश कुमार चतुर्वेदी के अनुसार, कार्यक्रम के पहले दिन दिव्यांग नागरिकों को कोलकाता के नौ प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। पूरे दिन के दौरान वे अलग-अलग पूजा पंडालों में जाकर दुर्गोत्सव की रौनक का अनुभव करेंगे। वहीं, अगले दिन हावड़ा के प्रमुख पूजा पंडालों के दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है।
श्रद्धा कार्यक्रम के तहत अब तक 93 दिव्यांग नागरिकों ने किए पूजा दर्शन
पुलिस कमिश्नरेट के अखिलेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि ‘श्रद्धा’ कार्यक्रम के तहत अब तक कुल 93 दिव्यांग नागरिकों को दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कराया जा चुका है। इस पहल के जरिए पुलिस प्रशासन दिव्यांग नागरिकों को दुर्गोत्सव में भागीदारी का अवसर देने और उनके लिए पूजा दर्शन को सुविधाजनक बनाने का प्रयास कर रहा है।