शमीक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में चल रही सरकार के कामकाज पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि जनता अच्छी स्थिति में है और चुनाव से पहले लोगों से जो वादे किए गए थे, सरकार ने उम्मीद के मुताबिक उन सभी मुद्दों पर काम किया है। उन्होंने दावा किया कि सभी काम पूरे कर लिए गए हैं।
छोटी-मोटी चूक को पार्टी करेगी ठीक
सरकार के कामकाज में किसी तरह की गड़बड़ी या चूक के सवाल पर शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि यह दावा करना सही नहीं होगा कि हर काम पूरी तरह अच्छा हुआ है। अगर कहीं छोटी-मोटी चूक हुई है, तो पार्टी उसे ठीक करेगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब तक ऐसी कोई खास चूक देखने को नहीं मिली है।
स्वघोषित नेताओं पर शमीक भट्टाचार्य का सख्त रुख
खुद को नेता बताकर गतिविधियां चलाने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बारे में भी सुनने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “ऐसा कैसे हो सकता है? मैं 42 साल से इसी पार्टी में हूं। कोई खुद को नेता बताकर कहीं कोई घटना कर देता है, तो उसकी जिम्मेदारी मैं क्यों लूं? पार्टी क्यों लेगी?”
व्यक्तिगत स्वतंत्रता में हस्तक्षेप नहीं कर सकती पार्टी
सड़क पर पार्टी का झंडा लेकर उतरने वालों के सवाल पर शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि किसी की व्यक्तिगत स्वतंत्रता में वह कैसे हस्तक्षेप कर सकते हैं? अगर कोई सड़क पर झंडा लेकर उतरता है, तो पार्टी क्या कर सकती है?
पुलिस को सख्त निर्देश, कार्रवाई में राजनीतिक रंग न देखें
पुलिस की भूमिका पर उन्होंने कहा कि पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या तनाव की स्थिति दिखाई देने पर सख्ती से निपटा जाए। कार्रवाई के दौरान किसी का राजनीतिक रंग या पहचान नहीं देखा जाए।