कोलकाता: पश्चिम बंगाल बीजेपी की बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से संगठन को लेकर सख्त संदेश दिया गया है। सुनील बंसल ने साफ तौर पर कहा कि पार्टी में संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी और सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना होगा। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
संगठन को दरकिनार कर नहीं लिए जा सकेंगे फैसले
सुनील बंसल ने स्पष्ट किया कि संगठन को किनारे रखकर कोई भी काम या फैसला नहीं किया जा सकता। पार्टी के भीतर सभी गतिविधियां संगठनात्मक व्यवस्था और नेतृत्व के निर्देशों के तहत ही संचालित होनी चाहिए। उनके संदेश से साफ है कि पार्टी में अनुशासन को लेकर अब और सख्ती बरती जाएगी।
विधायकों पर भी रहेगी विशेष नजर, बैठक में खुद उपस्थित होना अनिवार्य
बैठक में विधायकों की भूमिका और उनके आचरण को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। विधायकों को बैठक में स्वयं उपस्थित रहने को कहा गया है। उनकी जगह किसी प्रतिनिधि को भेजने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही उनके व्यवहार और गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
नेताओं और कार्यकर्ताओं के व्यवहार पर बढ़ेगी निगरानी
पिछले कुछ महीनों में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के व्यवहार को लेकर कई बार सवाल उठे हैं। पार्टी के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व अब नेताओं और कार्यकर्ताओं के आचरण पर भी विशेष निगरानी रखना चाहता है।
वसूली के आरोपों से बढ़ी संगठन की चिंता, केंद्रीय नेतृत्व हुआ सख्त
पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर वसूली से जुड़े आरोप सामने आने के बाद संगठन की छवि को लेकर भी सवाल उठे हैं। शीर्ष नेतृत्व की ओर से पहले भी इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने का संदेश दिया गया है, लेकिन शिकायतें सामने आने का सिलसिला जारी है। इसी पृष्ठभूमि में केंद्रीय नेतृत्व पार्टी को अधिक अनुशासित और संयमित बनाने पर जोर दे रहा है।