कोलकाता: भूटान में ग्लेशियर झील फटने और अत्यधिक बारिश के बाद उत्तर बंगाल में बने बाढ़ के हालात पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे अलीपुरद्वार और कोचबिहार के ताजा हालात को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वहां स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और प्रशासन लगातार सक्रिय है।
"रात 4 बजे तक हुआ काम, सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित": सुवेंदु अधिकारी
उत्तर बंगाल के सीमावर्ती जिलों में बाढ़ और नदियों के जलस्तर पर बोलते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा:
"कोचबिहार और अलीपुरद्वार में स्थिति बिल्कुल सामान्य है। स्थानीय एसपी और विधायक रात के 4 बजे तक जमीन पर उतरकर काम कर रहे थे। नबन्ना स्थित राज्य नियंत्रण कक्ष से भी पूरी स्थिति की निगरानी की गई है। संकोश और अन्य नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे बना हुआ है। सुबह एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली थी, जिस पर प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और आवश्यक कदम उठाए। वर्तमान में इलाके के सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह की घबराहट की बात नहीं है। "
अभिषेक बनर्जी के आरोपों पर पलटवार: 'डायमंड हार्बर पुलिस ने सब उगलवा लिया'
बाढ़ के हालात के साथ-साथ सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा:
"मुझे लगता है कि उनका जो चेला या पीए पैसे की वसूली करता था, उसने पकड़े जाने के बाद सारा सच उगल दिया है। 15 साल तक सरकार में रहने के कारण इनके अभी भी दो-चार लोग व्यवस्था में मौजूद हो सकते हैं, जिनसे फेसटाइम पर बात होती है। डायमंड हार्बर पुलिस ने शायद उसे पीसी (पुलिस कस्टडी) में लिया और उसने सब कुछ बता दिया है। अब सुना जा रहा है कि सोडियम और पोटैशियम की समस्या हो गई है। अगर वे इलाज के लिए न्यूयॉर्क जाना चाहते हैं तो शौक से जाएं, हम इसके लिए आवश्यक एनओसी (NOC) जारी करवा देंगे। हम हर घटनाक्रम पर बारीक नजर बनाए हुए हैं। "