कोलकाता: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि मेडिकल शिक्षा के लिए बॉडी प्लेज को बढ़ावा देना सामाजिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक लोग देहदान के लिए आगे आएं, ताकि उपलब्ध लावारिस शवों को जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचाकर शैक्षणिक और प्रशिक्षण संबंधी उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जा सके। उन्होंने कहा कि एनाटॉमी की पढ़ाई के लिए पर्याप्त संख्या में शवों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।
एनाटॉमी की पढ़ाई में वर्चुअल डिसेक्शन सॉफ्टवेयर बनेगा अतिरिक्त माध्यम
मंत्री ने बताया कि बैठक में वर्चुअल डिसेक्शन (Virtual Dissection) सॉफ्टवेयर का प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक की मदद से बिना वास्तविक शव को काटे शरीर की आंतरिक संरचना को समझा जा सकता है। हालांकि, मेडिकल कॉलेजों के प्रोफेसरों और शिक्षकों के साथ चर्चा में यह सहमति बनी कि फिलहाल यह पारंपरिक डिसेक्शन का विकल्प नहीं हो सकता। इसे पढ़ाई और प्रशिक्षण के लिए एक अतिरिक्त उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य दो-तीन कंपनियों के सॉफ्टवेयर का भी प्रदर्शन देखा जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार इस तकनीक को मेडिकल शिक्षा में शामिल करने पर विचार करेगी।
मेडिकल छात्रों को बॉयकॉट की धमकी पर नाराजगी
मेडिकल कॉलेज के तीसरे वर्ष के दो छात्रों को कथित तौर पर बॉयकॉट करने की धमकी दिए जाने के आरोप पर स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में सुबह कई फोन आए हैं। मंत्री के मुताबिक, कुछ छात्रों को उनके विचारों से सहमत नहीं होने के कारण WhatsApp ग्रुप से बाहर कर दिया गया है। आरोप है कि उन्हें लेक्चर थिएटर में प्रवेश करने पर भी बॉयकॉट करने की धमकी दी गई है।
'कॉलेज में प्रवेश से किसी को नहीं रोका जा सकता'
डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने कहा कि हर छात्र अपनी योग्यता के आधार पर परीक्षा पास करके मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेता है। किसी भी छात्र को धमकी देकर कक्षा में प्रवेश करने से रोकना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रभावित छात्रों से पूरे मामले की लिखित शिकायत देने को कहा है। शिकायत मिलने पर कॉलेज काउंसिल के साथ बैठक कर मामले पर चर्चा की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि खुद को प्रगतिशील और गैर-राजनीतिक बताने वाले लोगों को इस तरह की धमकी और बहिष्कार की संस्कृति से दूर रहना चाहिए। ऐसी घटनाओं से छात्रों पर मानसिक दबाव पड़ता है और उन्हें उपेक्षित महसूस करना पड़ता है।