कोलकाता: राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तय किया गया कि अगले दो वर्षों तक राज्य में किसी भी नए निजी उच्च शिक्षण संस्थान को मान्यता नहीं दी जाएगी। इस दौरान सरकार राज्यभर के निजी शिक्षण संस्थानों की व्यापक समीक्षा और ऑडिट कराएगी, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
निजी स्कूल, कॉलेज, बी.एड., डी.एल.एड. और विधि महाविद्यालयों की होगी जांच
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के सभी निजी स्कूल, कॉलेज, बी.एड., डी.एल.एड. तथा विधि महाविद्यालयों का चरणबद्ध तरीके से ऑडिट किया जाएगा। संस्थानों को मान्यता, भूमि, भवन, शिक्षक, आधारभूत संरचना और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सभी वैध अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। जिन संस्थानों के पास निर्धारित नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं होंगे या जो मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अनियमितताओं पर होगी कड़ी कार्रवाई
सरकार का कहना है कि यदि किसी निजी शिक्षण संस्थान में फर्जी दस्तावेज, नियमों की अनदेखी या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित संस्थान की मान्यता रद्द करने सहित अन्य कठोर कदम भी उठाए जा सकते हैं।
शिक्षा को व्यापार नहीं बनने देंगे- मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को व्यवसाय का माध्यम नहीं बनने देगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा सेवा का विषय है और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था विकसित करना है, जिसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
सरकार का मानना है कि इस निर्णय से निजी शिक्षण संस्थानों में जवाबदेही बढ़ेगी, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों तथा अभिभावकों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही, नए संस्थानों को मान्यता देने से पहले मौजूदा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और नियमबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।