अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा का नाम, फोटो और अन्य विवरण अब ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया गया है।
इस्तीफे स्वीकार होने के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर विवादों में रहे चंपत राय ने 26 जून को महासचिव पद से इस्तीफा दिया था, जबकि डॉ. अनिल मिश्रा ने सदस्य पद से इस्तीफा दिया था। 27 जून को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि की थी।
इसके बाद 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए। अब वेबसाइट अपडेट होने के बाद दोनों का आधिकारिक विवरण भी हटा दिया गया है।
ट्रस्ट की वेबसाइट पर अब 12 पदाधिकारियों और सदस्यों का विवरण
वेबसाइट अपडेट के बाद अब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के 12 पदाधिकारियों और सदस्यों की जानकारी ही उपलब्ध है। इस बदलाव के साथ चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा का ट्रस्ट से आधिकारिक जुड़ाव समाप्त हो गया है।
कृष्ण मोहन को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
ट्रस्ट में आगे की जिम्मेदारियों को लेकर बदलाव किया जा रहा है। अब कृष्ण मोहन को नए महासचिव की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
मंदिर आना भी किया बंद
इस्तीफे के बाद से चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा ने मंदिर परिसर आना बंद कर दिया था। हालांकि, वेबसाइट अपडेट नहीं होने के कारण बदलाव सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। सोमवार को वेबसाइट अपडेट होने के बाद यह बदलाव सामने आया।