देश के 7 करोड़ से ज्यादा नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि इस बार PF खातों में ब्याज की रकम जून महीने में ही जमा होना शुरू हो सकती है। लगातार तीसरे साल EPFO ने ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को पहले की तरह ही अपनी बचत पर बेहतर रिटर्न मिलता रहेगा।
लगातार तीसरे साल 8.25% ब्याज, 7 करोड़ लोगों को मिलेगा फायदा
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने EPFO के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही सभी खाताधारकों के अकाउंट में ब्याज की रकम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इस फैसले से देश के 7 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलेगा।
कब आएगा PF अकाउंट में पैसा?
सूत्रों के अनुसार, EPFO जून 2026 के भीतर ही खाताधारकों के अकाउंट में 8.25 फीसदी ब्याज की राशि जमा करना शुरू कर सकता है। इस बार नए डिजिटल इकोसिस्टम की वजह से पैसा पहले की तुलना में ज्यादा तेजी से क्रेडिट होगा।
पिछले कुछ सालों में कितनी रही ब्याज दर?
वित्त वर्ष ब्याज दर
2025-26 8.25%
2024-25 8.25%
2023-24 8.25%
2022-23 8.15%
2021-22 8.10%
2020-21 8.50%
2015-16 8.80%
वित्त वर्ष 2021-22 में 8.10 फीसदी की ब्याज दर पिछले चार दशक की सबसे निचली दर थी।
EPFO 3.0 लाएगा बड़ा बदलाव
EPFO जल्द ही अपने 7.8 करोड़ सदस्यों के लिए EPFO 3.0 प्लेटफॉर्म लॉन्च करने जा रहा है, जिसे गेम-चेंजर माना जा रहा है।
UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सदस्य ATM और UPI के जरिए भी PF का पैसा निकाल सकेंगे। इसके लिए लंबी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं होगी।
2 से 5 दिन में मिलेगा क्लेम का पैसा
EPFO 3.0 के तहत-
5 लाख रुपये तक के क्लेम ऑटोमेटिक सेटल होंगे।
पैसे मिलने का समय 10-20 दिनों से घटकर 2-5 दिन रह जाएगा।
आधार वेरिफाइड अकाउंट वालों को पासबुक या चेक की कॉपी अपलोड नहीं करनी पड़ेगी।
नौकरी बदलने पर PF बैलेंस अपने आप नए अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा।
KYC अपडेट और क्लेम के लिए कंपनी की मंजूरी का इंतजार नहीं करना होगा।
सिर्फ तीन कैटेगरी में निकाल सकेंगे पैसा
EPFO अब पुरानी 13 जटिल कैटेगरी की जगह केवल तीन आसान श्रेणियां रखेगा-
जरूरी जरूरतें (बीमारी, पढ़ाई, शादी)
आवास (घर खरीदने या लोन चुकाने के लिए)
विशेष परिस्थितियां (बेरोजगारी या रिटायरमेंट)
करोड़ों कर्मचारियों के लिए राहत
सरकार के इस फैसले से करोड़ों कर्मचारियों को न केवल बेहतर रिटर्न मिलेगा, बल्कि EPFO 3.0 के जरिए PF से जुड़ी प्रक्रियाएं पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएंगी।