नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की पुष्टि के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। भू-राजनीतिक तनाव कम होने और महंगाई को लेकर चिंताओं में नरमी के बीच सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर दोनों कीमती धातुओं में मजबूत खरीदारी देखने को मिली।
एमसीएक्स पर सोना 1.53 लाख रुपये के पार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,50,528 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 3,301 रुपये की तेजी के साथ 1,53,829 रुपये पर खुला। कारोबार के शुरुआती घंटों में यही स्तर दिन का उच्चतम स्तर रहा। दोपहर के कारोबार में सोना 2,222 रुपये यानी 1.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,52,750 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता नजर आया।
चांदी में 3 प्रतिशत से अधिक की छलांग
एमसीएक्स पर जुलाई वायदा चांदी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। चांदी अपने पिछले बंद भाव 2,46,186 रुपये प्रति किलोग्राम से 5,377 रुपये की तेजी के साथ 2,51,563 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में इसमें 3 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई और भाव 2,53,345 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गए। दोपहर तक चांदी 5,414 रुपये यानी 2.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,51,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
आईबीजेए के आंकड़ों में भी दिखी मजबूती
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोमवार सुबह 999 शुद्धता वाले सोने का भाव 1,50,169 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं 999 शुद्धता वाली चांदी 2,51,011 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रही।
आगे क्या रह सकता है रुख?
विशेषज्ञों के अनुसार एमसीएक्स गोल्ड फिलहाल 1.54 से 1.55 लाख रुपये के महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस जोन के करीब कारोबार कर रहा है। यदि सोना इस स्तर के ऊपर टिकने में सफल रहता है, तो कीमतें 1.58 लाख से 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती हैं। हालांकि यदि सोना 1.53 लाख से 1.52 लाख रुपये के सपोर्ट जोन के नीचे फिसलता है, तो इसमें फिर से गिरावट आ सकती है और भाव 1.50 लाख रुपये के स्तर तक लौट सकते हैं।
चांदी के लिए भी अहम है 2.55 लाख का स्तर
विश्लेषकों का मानना है कि चांदी ने 2.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का महत्वपूर्ण स्तर पार कर बाजार की धारणा को मजबूत किया है। यदि कीमत 2.54 से 2.55 लाख रुपये के रेजिस्टेंस जोन को पार करती है, तो इसमें और तेजी आ सकती है और भाव 2.58 से 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकते हैं। वहीं, यदि चांदी दोबारा 2.50 लाख रुपये के नीचे फिसलती है, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और कीमतें 2.42 से 2.40 लाख रुपये के सपोर्ट जोन तक आ सकती हैं। कुल मिलाकर, वैश्विक हालात में सुधार और निवेशकों की बढ़ती रुचि के चलते सोना-चांदी के बाजार में फिलहाल मजबूती का माहौल बना हुआ है।