अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का असर सोमवार को घरेलू कमोडिटी बाजार में देखने को मिला। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों में तेजी दर्ज की गई। शुरुआती गिरावट के बाद सोने में खरीदारी बढ़ी, जबकि चांदी ने भी मजबूत शुरुआत के साथ निवेशकों का ध्यान खींचा।
शुरुआती गिरावट के बाद संभला सोना
अगस्त डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव 1,47,203 रुपये के मुकाबले 2,093 रुपये की गिरावट के साथ 1,45,110 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। हालांकि निचले स्तरों पर खरीदारी लौटने से कीमतों में तेजी आई और सोना दिन के कारोबार में 1,48,180 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर तक पहुंच गया। सुबह करीब 10:54 बजे सोना 849 रुपये यानी 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,48,052 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता देखा गया।
चांदी में 1 प्रतिशत से ज्यादा उछाल
जुलाई डिलीवरी वाली चांदी में भी मजबूत तेजी दर्ज की गई। चांदी 2,33,185 रुपये प्रति किलोग्राम के पिछले बंद भाव से 3,903 रुपये की बढ़त के साथ 2,37,088 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 2,37,106 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक चांदी 2,715 रुपये यानी 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,35,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
सोने के लिए महत्वपूर्ण स्तर
विश्लेषकों के अनुसार MCX गोल्ड ने 1,46,000 रुपये के आसपास गैप-डाउन शुरुआत की, लेकिन बाद में रिकवरी दर्ज की। फिलहाल 1,48,000 से 1,48,400 रुपये का दायरा महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस माना जा रहा है।
- रेजिस्टेंस पार होने पर लक्ष्य: 1,49,500 से 1,50,000 रुपये और फिर 1,51,000 रुपये
- प्रमुख सपोर्ट: 1,46,000 से 1,45,600 रुपये
- सपोर्ट टूटने पर गिरावट: 1,45,000 रुपये तक
चांदी में तेजी जारी रहने के संकेत
- MCX सिल्वर ने 2,37,000 रुपये के आसपास गैप-अप ओपनिंग दी, जो बाजार में मजबूती का संकेत माना जा रहा है।
- रेजिस्टेंस जोन: 2,37,000 से 2,38,000 रुपये
- इसके ऊपर लक्ष्य: 2,40,000 से 2,42,000 रुपये
- सपोर्ट: 2,35,000 से 2,34,000 रुपये
- सपोर्ट टूटने पर भाव: 2,32,000 से 2,30,000 रुपये तक जा सकते हैं
बाजार की नजर वैश्विक घटनाक्रम पर
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-ईरान वार्ता, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आर्थिक संकेतकों का असर आने वाले दिनों में सोना-चांदी की चाल पर बना रहेगा। फिलहाल दोनों धातुओं में खरीदारी का रुझान दिख रहा है, लेकिन निवेशकों को प्रमुख सपोर्ट और रेजिस्टेंस स्तरों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।