मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में 5 फीसदी से ज्यादा गिरावट और डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती के चलते भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेतों का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार तेजी देखने को मिली। बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.76 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।
सेंसेक्स में 636 अंकों से ज्यादा की तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 636.61 अंकों की बढ़त के साथ 76,696.38 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबारी सत्र की शुरुआत सेंसेक्स ने 76,608.98 अंकों के स्तर से की थी।
वहीं सुबह करीब 9:35 बजे सेंसेक्स लगभग 590 अंकों की मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया। बाजार में खरीदारी का माहौल बना हुआ है और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
निफ्टी भी 200 अंक चढ़ा
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का प्रमुख सूचकांक निफ्टी में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में निफ्टी करीब 200 अंकों की बढ़त के साथ 23,964.50 के स्तर तक पहुंच गया।
सुबह 9:35 बजे निफ्टी करीब 175 अंकों की तेजी के साथ 23,944.30 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी की शुरुआत 23,928.40 अंकों पर हुई थी।
मिडिल ईस्ट तनाव कम होने से बाजार को मिला सपोर्ट
जानकारों के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है। मिडिल ईस्ट में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद से होर्मुज स्ट्रेट के जरिए कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
कच्चे तेल की कीमतों में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट ने भी भारतीय बाजार को मजबूती दी है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी से निवेशकों का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है।
ज्यादातर दिग्गज शेयरों में तेजी
बीएसई के टॉप-30 शेयरों में से 28 शेयरों में बढ़त देखने को मिली। सिर्फ भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर दबाव में नजर आए।
इंडिगो और इंफोसिस के शेयरों में 3.50 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। वहीं इटरनल और एशियन पेंट्स के शेयरों में 2.50 फीसदी से अधिक का उछाल आया। बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयर भी 2 फीसदी से ज्यादा बढ़े।
निवेशकों की संपत्ति में 4.76 लाख करोड़ रुपये का इजाफा
शेयर बाजार में तेजी का सीधा फायदा निवेशकों को मिला है। बीएसई का मार्केट कैप शुक्रवार को 4,75,69,475.24 करोड़ रुपये था, जो सोमवार को बढ़कर 4,80,45,444.68 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह बाजार में आई तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 4,75,969.44 करोड़ रुपये यानी लगभग 4.76 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।