मुंबई: कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 217 अंक (0.28%) की बढ़त के साथ 77,139 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 74 अंक (0.31%) चढ़कर 24,074 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में तेजी की अगुवाई आईटी शेयरों ने की।
आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा खरीदारी
शुरुआती कारोबार में निफ्टी आईटी इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा निफ्टी मेटल, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी, इंडिया डिफेंस, सर्विसेज, पीएसयू बैंक और कमोडिटीज सेक्टरों में भी खरीदारी देखने को मिली। हालांकि निफ्टी एनर्जी, पीएसई, इन्फ्रा, ऑयल एंड गैस और मीडिया सेक्टर दबाव में रहे और लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी
बाजार में केवल लार्जकैप ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती रही। निफ्टी मिडकैप 100 करीब 187 अंक की बढ़त के साथ 62,196 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 86 अंक चढ़कर 19,018 पर कारोबार करता दिखा।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी
सेंसेक्स के प्रमुख गेनर्स में इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, आईटीसी और एसबीआई शामिल रहे। वहीं एनटीपीसी, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, ट्रेंट, एलएंडटी, बीईएल, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
कच्चे तेल में गिरावट से बाजार को मिला सहारा
विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है। ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर 70.75 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की संभावनाओं के बीच बीते एक महीने में ब्रेंट क्रूड करीब 25 प्रतिशत तक सस्ता हुआ है, जिससे भारतीय बाजार को सकारात्मक समर्थन मिला है।
वैश्विक बाजारों का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक और सोल के बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग और जकार्ता के बाजार बढ़त में रहे। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को कमजोरी के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 0.03 प्रतिशत और नैस्डैक 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।