मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत लगभग सपाट रही। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 45 अंक की मामूली गिरावट के साथ 77,055 पर कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 5 अंक की बढ़त के साथ 24,061 के स्तर पर पहुंच गया।
फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में खरीदारी
बाजार खुलते ही निवेशकों का रुझान फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर की ओर देखने को मिला। निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर शुरुआती कारोबार में टॉप गेनर्स रहे। इसके अलावा निफ्टी फिन सर्विस, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक भी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। वहीं दूसरी ओर निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी आईटी, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी पीएसई, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी ऑटो में दबाव देखा गया।
सेंसेक्स के गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में इटरनल, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, एचयूएल, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर बढ़त में रहे। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, इन्फोसिस, टीसीएस, एमएंडएम, बीईएल, भारती एयरटेल और एलएंडटी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों का मिला-जुला रुख
एशियाई शेयर बाजारों में भी सोमवार को मिश्रित रुख देखने को मिला। टोक्यो, सोल और जकार्ता के बाजार लाल निशान में रहे, जबकि शंघाई, हांगकांग और बैंकॉक में तेजी दर्ज की गई। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे। डाओ जोंस 0.09% और नैस्डैक 0.24% की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
मध्य पूर्व तनाव से कच्चे तेल में उछाल
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजारों पर देखने को मिल रहा है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों ने फिलहाल हमले रोकने पर सहमति जताई है और मंगलवार को कतर में बातचीत हो सकती है। इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक WTI क्रूड 1.23% की बढ़त के साथ 70.07 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 0.98% बढ़कर 73.30 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।