हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार ने सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच मजबूत शुरुआत की। हालांकि शुरुआती बढ़त ज्यादा देर टिक नहीं सकी और कारोबार के कुछ ही समय बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में पहुंच गए।
बढ़त के साथ हुई शुरुआत, फिर लौटी बिकवाली
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पिछले बंद स्तर 76,728.37 के मुकाबले 277.14 अंक (0.36%) की बढ़त के साथ 77,005.51 पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी-50 भी 85.79 अंक (0.35%) चढ़कर 24,032.05 के स्तर पर पहुंचा। हालांकि, शुरुआती कारोबार के बाद बाजार में बिकवाली हावी हो गई। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 134.69 अंक (0.18%) की गिरावट के साथ 76,593.68 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 75.45 अंक (0.32%) टूटकर 23,870.80 पर पहुंच गया।
स्मॉलकैप में तेजी, मिडकैप में कमजोरी
व्यापक बाजार की बात करें तो निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.24% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.19% की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखाई दिया।
आईटी सेक्टर सबसे कमजोर, रियल्टी और केमिकल शेयरों में मजबूती
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी सबसे ज्यादा दबाव में रहा और इसमें करीब 2% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा ऑटो और मेटल सेक्टर के शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। दूसरी ओर निफ्टी केमिकल, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में खरीदारी का माहौल बना रहा।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
निफ्टी में मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, अदाणी एंटरप्राइजेज, पावरग्रिड, इंडिगो और टाइटन के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। वहीं आइशर मोटर्स, टाटा कंज्यूमर, हिंडाल्को, इंफोसिस, टीसीएस, डॉ. रेड्डीज लैब्स और विप्रो के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।
क्या कहते हैं बाजार विशेषज्ञ?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, हालिया गिरावट के बावजूद निफ्टी अभी भी अपने शॉर्ट और मीडियम टर्म मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है। हालांकि, यह 100-दिवसीय एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (EMA) को पार नहीं कर पाया है और अप्रैल की तेजी के 23.6% फिबोनाची रिट्रेसमेंट स्तर के नीचे फिसल गया है। रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) घटकर 53.89 पर आ गया है, जो बाजार में फिलहाल सीमित मजबूती का संकेत देता है।
जानिए बाजार के अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल
विशेषज्ञों के अनुसार, 24,100 से 24,200 का स्तर निफ्टी के लिए फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस ज़ोन बना हुआ है। यदि इंडेक्स इस स्तर के ऊपर टिकने में सफल रहता है तो 24,500 से 24,600 तक तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं, 23,800 का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। यदि निफ्टी इस स्तर के नीचे फिसलता है तो बाजार में बिकवाली और तेज हो सकती है।