Budhni: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 144 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बुधनी विधानसभा सीट से से अभिनेता विक्रम मस्तान को टिकट दिया गया है। इनका मुकाबला मौजूदा भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से होगा।
कौन हैं विक्रम मस्तान
विक्रम मस्तान हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्हें टीवी धारावाहिक में हनुमान जी की भूमिका के लिए पहचाना जाता है। इनका पूरा नाम विक्रम मस्तान शर्मा है। रामानंद सागर ने 2008 में दोबारा रामायण धारावाहिक का निर्माण किया था। इसमें पवन पुत्र हनुमान की भूमिका विक्रम मस्तान शर्मा ने निभाई थी। ये मूल रूप से बुधनी के ही रहने वाले हैं। विक्रम मस्तान शर्मा ने पिछले दिनों सिद्ध सिमरिया धाम में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उस समय कमल नाथ के पुत्र मुकुल नाथ भी उनके साथ थे। खुद विक्रम मस्तान भी कई मौकों पर कमल नाथ की तारीफ कर चुके हैं।
राजनीति में कैसे आए विक्रम मस्तान
राजनीति में आने के फैसले पर विक्रम मस्तान ने कहा था कि हनुमानजी का काम सेवा करना है और मैं भी जनता की सेवा करना चाहता हूं। कमल नाथ ने बीते दिनों नर्मदा सेवा सेना संगठन का गठन किया था, जिसका सह प्रभारी भी विक्रम मस्तान को ही बनाया गया है।
बुधनी विधानसभा का इतिहास
बुधनी विधानसभा पर 20 साल से भाजपा का कब्जा है। यहां से शिवराज सिंह चौहान चुनाव लड़ते हैं। भाजपा ने प्रदेश के लिए जारी अपनी तीसरी लिस्ट में शिवराज सिंह को एक बार फिर बुधनी से मौका दिया है।
Comments (0)