मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दूसरे विदेश दौरे पर जा रहे हैं। 28 जनवरी से शुरू होने वाली यात्रा 31 जनवरी तक चलेगी। इस बार वे जापान जा रहे हैं। 4 दिन की यात्रा में वे जापान के टोक्यो, ओसाका और कोबे जैसे प्रमुख शहरों में मध्यप्रदेश के लिए निवेश की संभावनाओं को तलाशेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर वन—टू—वन संवाद भी करेंगे। मुख्यमंत्री 24 और 25 फरवरी को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को आमंत्रित भी करेंगे।
गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद जापान दौरा
मुख्यमंत्री जापान जाने के लिए 27 जनवरी को दिल्ली से रवाना हो जाएंगे। 28 जनवरी की रात 2:25 बजे वे टोक्यो के हानेडा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। रात 3:45 बजे इम्पीरियल होटल पहुंचेंगे। सीएम यहां पर फ्रेंडस ऑफ एमपी की जापान टीम से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 9:15 बजे भारतीय राजदूत सीबी जॉर्ज से उनके निवास पर औपचारिक मुलाकात होगी। सुबह 10:15 बजे एडो गावा सिटी स्थित महात्मा गांधी पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
Comments (0)