कांग्रेस की जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा की शुरुआत आज डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से होगी। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक ही प्लेन से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभी महू पहुंचेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
कांग्रेस की जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा में कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस शासित राज्य के 4 मुख्यमंत्री, 8 मंत्री, 15 सांसद, 150 से ज्यादा विधायक, वर्किंग कमेटी के 25 सदस्य, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे 45 मिनट महू में रहेंगे।
मतदाताओं को साधने की कोशिश
बता दें कि महू के वेटरनरी कॉलेज मैदान में कांग्रेस की बड़ी रैली आयोजित होगी। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे। रैली का समय दोपहर 12 बजे तय किया गया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में करीब दो लाख लोग शामिल होंगे। इस रैली के जरिए पार्टी दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रही है।
इन मुद्दों पर रहेगा फोकस
राहुल और प्रियंका अपने भाषणों में संविधान, सामाजिक न्याय, और समानता जैसे मुद्दों पर जोर दे सकते हैं। इस रैली के साथ कांग्रेस “जय भीम, जय बापू, जय संविधान यात्रा” की शुरुआत भी करेगी, जो आगामी चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का हिस्सा होगी। महू को इस यात्रा का आरंभिक बिंदु बनाकर कांग्रेस ने बाबा साहेब के नाम पर दलित वर्ग को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है।
Comments (0)