बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर ऐश्वर्या पंडित के खिलाफ उनके पति तपन देव की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पति ने आरोप लगाया था कि घर से कीमती सामान चोरी कर लिया गया है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या पंडित और तपन देव के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान ऐश्वर्या कथित रूप से घर का पूरा सामान लेकर चली गई थीं।
सेजबहार थाने में नहीं दर्ज हुई थी एफआईआर
पीड़ित पति ने मामले की शिकायत सेजबहार थाना में की थी, लेकिन शुरुआती दौर में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ मामला
न्यायालय में परिवाद दायर होने के बाद कोर्ट ने पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी गायिका के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घर पर मारा छापा
पुलिस टीम ने कई बार ऐश्वर्या पंडित के निवास पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिलीं। बुधवार को एक बार फिर छापा मारने पर पुलिस को घर से चोरी का सामान बरामद हुआ।
आरोपी गायिका अब भी फरार
मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल आरोपी गायिका ऐश्वर्या पंडित फरार बताई जा रही हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।