दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग–भोपाल–दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर श्रेणी के यात्रियों के लिए भुगतान आधारित बेड रोल सुविधा शुरू की है। अब स्लीपर कोच में सफर करने वाले यात्री निर्धारित शुल्क का भुगतान कर अपनी जरूरत के अनुसार बेड रोल प्राप्त कर सकेंगे।
तीन प्रकार के बेड रोल पैकेट उपलब्ध
यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से तीन तरह के बेड रोल पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
2 बेडशीट + 1 तकिया + 1 तकिया कवर — ₹70
2 बेडशीट — ₹40
1 तकिया + 1 तकिया कवर — ₹30
स्लीपर कोच में घूमकर बेड रोल उपलब्ध कराएंगे अटेंडेंट
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में नियुक्त बेड रोल अटेंडेंट स्लीपर कोचों में नियमित रूप से भ्रमण करेंगे। यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार अटेंडेंट से बेड रोल की मांग कर सकेंगे। निर्धारित शुल्क का भुगतान करने के बाद यात्रियों को इसकी विधिवत रसीद भी दी जाएगी।
S-3 कोच में अटेंडेंट के लिए सीट आरक्षित
इस सुविधा के सुचारु संचालन के लिए अमरकंटक एक्सप्रेस के S-3 कोच की सीट संख्या 79 और 80 को भुगतान आधारित स्लीपर क्लास बेड रोल अटेंडेंट के लिए किराया भुगतान के आधार पर आरक्षित किया गया है।
यदि किसी यात्री को बेड रोल प्राप्त करने में परेशानी होती है, तो वह संबंधित स्लीपर कोच के TTE से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ ले सकता है।
10 जुलाई से शुरू हुई सुविधा
रेलवे के मुताबिक, यह सुविधा 10 जुलाई 2026 से शुरू की गई है। इसके बाद से अब तक कई यात्री इसका लाभ उठा चुके हैं। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 10 से 15 बेड रोल पैकेट और 30 से 35 तकियों की मांग यात्रियों द्वारा की जा रही है।
अन्य ट्रेनों में भी विस्तार की तैयारी
यात्रियों की बढ़ती मांग और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए भविष्य में इस सुविधा का और विस्तार किए जाने की संभावना है। रायपुर रेल मंडल की योजना अन्य ट्रेनों के स्लीपर श्रेणी में भी भुगतान आधारित बेड रोल सुविधा उपलब्ध कराने की है।
रेल मंडल का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।