रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17 मई की रात 8:30 बजे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे रायपुर एयरपोर्ट से सीधे नवा रायपुर स्थित होटल जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
18 मई को पुलिस परेड ग्राउंड में कार्यक्रम
18 मई की सुबह 10:30 बजे गृहमंत्री अमित शाह रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे डायल 112 सेवा के तहत शामिल किए गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12:20 बजे वे रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने पर वे नेतानार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। शाम को वे पुलिस विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दिन वे जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक
19 मई की सुबह 11 बजे गृह मंत्री अमित शाह जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है।दौरे के अंतिम चरण में गृह मंत्री शाह दोपहर करीब 3:40 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस विभाग सभी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटा हुआ है।