रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17 मई को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। दौरे के दौरान वे रायपुर और बस्तर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। नक्सलवाद के खात्मे के बाद अमित Shah का यह पहला बस्तर दौरा माना जा रहा है, जिसे लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।
18 मई को रायपुर में 112 सेवा का करेंगे शुभारंभ
डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई की सुबह रायपुर पुलिस लाइन से अमित शाह प्रदेशभर में विस्तारित 112 आपातकालीन सेवा का शुभारंभ करेंगे।
अब तक यह सुविधा प्रदेश के 16 जिलों में लागू थी, जिसे अब पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। इसके तहत करीब 400 नई गाड़ियां प्रदेश के विभिन्न थानों में भेजी जाएंगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सके।
फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की भी मिलेगी सौगात
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश को फोरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की भी बड़ी सौगात देंगे। इसके साथ ही 33 जिलों के लिए 33 सर्वसुविधायुक्त वाहन भी रवाना किए जाएंगे, जिससे जांच और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
18 मई को बस्तर दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
18 मई को अमित शाह बस्तर पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा भी उनके दौरे का अहम हिस्सा मानी जा रही है।
19 मई को जगदलपुर में मध्यक्षेत्रीय परिषद की बैठक
19 मई को जगदलपुर में मध्यक्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। बैठक में सुरक्षा, विकास और अंतरराज्यीय समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।