रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज यानी रविवार से तीन दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे रायपुर, नेतानार और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे का मुख्य फोकस प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा और जनसुविधाओं के विस्तार पर रहेगा।
रायपुर से नेतानार और जगदलपुर जाएंगे अमित शाह
जानकारी के अनुसार अमित शाह 17 मई की रात रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 18 और 19 मई को वे प्रदेश के कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रायपुर पहुंचने के बाद वे नेतानार जाएंगे और फिर जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री डायल-112 सेवा के तहत शामिल किए गए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस पहल को प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सुरक्षा और विकास पर रहेगा खास फोकस
अमित शाह के इस दौरे में सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने पर विशेष जोर रहेगा। सरकार का प्रयास है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बस्तर में विकास और जनसुविधाओं का विस्तार भी तेजी से किया जाए।
17 मई की रात रायपुर पहुंचेंगे शाह
तय कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार शाम 6:25 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से रवाना होंगे। रात करीब 8:10 बजे वे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग के जरिए सीधे नवा रायपुर स्थित मेफेयर रिसॉर्ट जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। गृहमंत्री के दौरे को लेकर रायपुर और बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।