छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। राज्य शासन द्वारा उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा अब बस्तर रेंज की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां संभालेंगे। इससे पहले वे नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया नेतृत्व
बस्तर रेंज में उनकी नियुक्ति को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दुर्ग रेंज के IG और SSP की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं
बद्रीनारायण मीणा इससे पहले दुर्ग रेंज के आईजी के साथ-साथ विभिन्न जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उन्होंने बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
सुंदरराज पी की जगह मिली नई जिम्मेदारी
बस्तर रेंज में इससे पहले आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी आईजी के पद पर तैनात थे। उन्होंने लगभग पांच वर्षों तक बस्तर में अपनी सेवाएं दीं। हाल ही में उन्हें प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर अब बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज की कमान सौंपी गई है।
जानिए कौन हैं बद्रीनारायण मीणा
बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका मूल निवास राजस्थान के जयपुर जिले में है। उनके पिता जनगणना विभाग में कार्यरत रहे हैं।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा जयपुर में ही प्राप्त की। दसवीं की पढ़ाई सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से और बारहवीं की शिक्षा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोद्दार से पूरी की। इसके बाद राजस्थान कॉलेज, जयपुर से वर्ष 2000 में स्नातक (बीए) की डिग्री हासिल की।
यूपीएससी परीक्षा पास कर बने IPS अधिकारी
बद्रीनारायण मीणा ने वर्ष 2001 में पहली बार संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा दी थी। लगातार प्रयासों के बाद वे वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बने।
उनके भाई श्रवण मीणा भी 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। हालांकि बाद में उन्होंने दोबारा यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) जॉइन कर ली थी।
अब बस्तर रेंज के नए आईजी के रूप में बद्रीनारायण मीणा की नियुक्ति को क्षेत्र में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।