रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टाउन हॉल में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने किया।
मोदी के नेतृत्व में देश ने बनाया नया कीर्तिमान
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा कर एक महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और भारतीय जनता पार्टी भी संगठनात्मक रूप से मजबूत हुई है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ी पहचान
मंत्री कश्यप ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की एक सशक्त और प्रभावशाली पहचान बनी है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचा है, जिससे भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था भी दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुकी है।
ऐतिहासिक फैसलों का किया उल्लेख
अपने संबोधन में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन फैसलों ने देश को नई दिशा दी है।
नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण का दावा
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा, लेकिन केंद्र सरकार की दृढ़ नीति के कारण इस चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश तेजी से नक्सलमुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ
केदार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।