एमपी में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। चुनावी साल में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी अब तेज हो गया है। बीजेपी-कांग्रेस नेताओं के बीच खूब जुबानी तीर चलाए जा रहे हैं। इस बार जहां कांग्रेस सोफ्ट हिंदुत्व पर अपनी सियासी बिसात बिछा रही और इसकी झलक जबलपुर में प्रियंका गांधी के कार्यक्रम में देखने को भी मिली, तो वहीं बीजेपी प्रियंका पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनावी हिंदु बता रही हैं। वहीं राजगढ़ में किसानों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, चुनाव नजदीक आने पर उन्हें कई मौसमी हिंदू भी दिखाई देने लगते हैं।
लाडली बहना योजना पर कमलनाथ का तंज
किसी भी राज्य में चुनाव हो और रेवड़ी की बात न हो ये कैसे हो सकता हैं। दोनों ही प्रमुख दल अपने- अपने चुनावी पिटारे में से राज्य की जनता को अपने पक्ष में करने के लिए फ्री वाली योजनाए ( रेवड़ी ) गिना रहे हैं। जहां राज्य के सीएम शिवराज सिंह ने लाडली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को साधने की कोशिश की है। वहीं पीसीसी चीफ कमलनाथ इस योजना के सामने नारी सम्मान योजना को लेकर आए हैं। अब देखना होगा कि, राज्य की महिलाएं शिवराज सिंह की लाडली बहना योजना पर भरोसा करती हैं या फिर कमलनाथ की नारी सम्मान योजना के साथ जाती हैं। वहीं लाडली बहना योजना पर पीसीसी चीफ कमल नाथ ने एक बार फिर तंज कसते हुए कहा कि, प्रदेश की जनता समझ रही है, तीन हजार देने की घोषणा नाटक है। हम ने 15 सौ रुपए देने की घोषणा की है, वो 3 हजार बोल रहे है, जनता समझ रही है।
पीएम मोदी के एमपी दौरे पर कमलनाथ का तंज
वहीं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का प्रियंका गांधी को मौसमी हिन्दू बताने पर पलटवार करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, हम पूजा करते है तो इनके पेट में क्यों दर्द होता है। मैं मंदिर जाता हूं तो इनके पेट में दर्द होता है, क्या इन्होंने धर्म का ठेका लिया हुआ है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पीएम मोदी के एमपी दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि, सब मैदान में आये वो बीजेपी के नेता है हम भी मैदान में है। जनता बहुत समझदार है। कोई नाटक, नोटंकी से उन ( जनता ) पर फर्क पड़ने वाला नहीं हैं।