छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन 3 की शुरुआत 3 जून से होने जा रही है। यह टूर्नामेंट 14 जून तक चलेगा। सभी मुकाबले शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के बीच टूर्नामेंट को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
‘छत्तीसगढ़िया खेल बढ़िया’ होगी इस बार की थीम
CCPL सीजन 3 के लिए इस बार “छत्तीसगढ़िया खेल बढ़िया” थीम रखी गई है। आयोजन समिति ने टूर्नामेंट की आधिकारिक जर्सी भी लॉन्च की। आयोजकों का कहना है कि इस थीम के जरिए प्रदेश की खेल संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
हर सीजन में बेहतर आयोजन की कोशिश : विजय शाह
CCPL को लेकर विजय शाह ने कहा कि लीग के पहले सीजन से लगातार आयोजन को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीजन 1 में जो शुरुआत हुई थी, उसे सीजन 2 में और मजबूत किया गया, जबकि अब सीजन 3 को पहले से ज्यादा बेहतर और भव्य बनाने की तैयारी है।
छत्तीसगढ़ के लोगों और संघ की भूमिका अहम
विजय शाह ने कहा कि CCPL की सफलता में छत्तीसगढ़ के लोगों का बड़ा योगदान रहा है। साथ ही छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
आईपीएल के लिए 7 खिलाड़ियों को मिला था बुलावा
विजय शाह ने जानकारी दी कि इस बार आईपीएल के लिए छत्तीसगढ़ के 7 खिलाड़ियों को बुलाया गया था। हालांकि अंतिम चयन में केवल 2 खिलाड़ी ही जगह बना सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में राज्य के और खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।