रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से रायपुर जिले के अभनपुर में शुरू हो रहा है। इस शिविर में प्रदेशभर के कांग्रेस जिला अध्यक्षों और संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राहुल गांधी, खड़गे और प्रियंका गांधी होंगे शामिल
प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 21 जून को राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
सुशील शुक्ला बोले- सकारात्मक राजनीति पर रहेगा फोकस
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील शुक्ला ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सकारात्मक राजनीति को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में कई वरिष्ठ नेता विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके।
गांवों में रात्रि विश्राम और श्रमदान भी करेंगे नेता
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों को गांवों में जाकर रात्रि विश्राम करने और श्रमदान करने की भी जिम्मेदारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच संवाद बढ़ाना तथा गांवों से जुड़ाव मजबूत करना है।
संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
कांग्रेस का कहना है कि प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को नई राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर विशेष जोर दिया जाएगा। आने वाले समय में पार्टी के जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार की रूपरेखा भी इसी प्रशिक्षण के दौरान तय की जा सकती है।