रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने साफ किया है कि राज्य की सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून 2026 से ही शुरू होगा।
दरअसल, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर यह खबर वायरल हो रही थी कि प्रदेश में स्कूल अब 1 जुलाई से खुलेंगे। इस खबर को विभाग ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।
सोशल मीडिया पर वायरल सूचना को किया खारिज
लोक शिक्षण संचालनालय ने कहा है कि स्कूलों के संचालन को लेकर किसी भी प्रकार का नया आदेश जारी नहीं किया गया है। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही 16 जून से कक्षाएं प्रारंभ होंगी। विभाग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट और संदेशों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।
सभी स्कूलों में 16 जून से लगेगी कक्षाएं
विभागीय अधिकारियों के अनुसार राज्य की सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी स्कूलों में निर्धारित समय पर पढ़ाई शुरू होगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को भी इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
छात्र-पालकों से आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील
लोक शिक्षण संचालनालय ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से कहा है कि वे केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट, आदेश और अधिकृत सूचना पर ही भरोसा करें। किसी भी अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करने से बचने की भी अपील की गई है।
अफवाहों पर विभाग ने लगाया विराम
विभाग का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल खुलने की तारीख में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है और 16 जून से नया शिक्षा सत्र नियमित रूप से शुरू होगा।