रायपुर- छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सात जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है।
इन सात जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव और कोरबा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में बदलेगा मौसम का मिजाज
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। रायपुर, बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा समेत कई इलाकों में बारिश के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।