नौतपा की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 4 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रात की हवा भी गर्म महसूस हो रही है। फिलहाल प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में किसी बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के शुरुआती दिनों में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और महासमुंद जैसे जिलों में तेज धूप और लू का असर अधिक रहेगा।
अगले 4 दिन तक राहत के आसार नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में सूखा और बेहद गर्म मौसम बना रहेगा। रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान में आसमान साफ रहने और दिनभर गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी से चमगादड़ों की मौत
कोरबा जिले में भीषण गर्मी और हीटस्ट्रोक के कारण करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। पाली विकासखंड के नौकोनिया तालाब क्षेत्र में सैकड़ों चमगादड़ पेड़ों से गिरकर मर गए। वन विभाग ने लू के कारण उनकी मौत की पुष्टि की है। इलाके में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी
बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।