रायपुर : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम-टेबल जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक आयोजित होगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी।
12वीं की परीक्षा की शुरुआत हिंदी विषय से होगी, जबकि 10वीं के विद्यार्थियों को पहले दिन तीसरी भाषा का पेपर देना होगा। प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। विस्तृत टाइम-टेबल मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
12वीं में 12 मार्च को हिंदी और 31 मार्च को अंग्रेजी का पेपर
हायर सेकंडरी यानी 12वीं की मुख्य परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय के पेपर से शुरू होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखा शास्त्र की परीक्षा होगी।
परीक्षा का आगे का कार्यक्रम इस प्रकार है
17 मार्च – संस्कृत
19 मार्च – जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र
24 मार्च – समाजशास्त्र
29 मार्च – गणित और कम्प्यूटर एप्लीकेशन
31 मार्च – अंग्रेजी
3 अप्रैल – इतिहास और बिजनेस स्टडीज
5 अप्रैल – भूगोल और फिजिक्स
8 अप्रैल – साइकोलॉजी
इस तरह 12वीं की बोर्ड परीक्षा 8 अप्रैल को साइकोलॉजी के पेपर के साथ समाप्त होगी।
10वीं में 20 मार्च को विज्ञान और 30 मार्च को गणित
हाईस्कूल यानी 10वीं की परीक्षा 13 मार्च को तीसरी भाषा के पेपर से शुरू होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू सहित अन्य भाषाएं शामिल हैं।
10वीं की परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम इस प्रकार है:
13 मार्च – तीसरी भाषा
16 मार्च – अंग्रेजी
18 मार्च – सामाजिक विज्ञान
20 मार्च – विज्ञान
25 मार्च – हिंदी
30 मार्च – गणित
1 अप्रैल – व्यावसायिक पाठ्यक्रम
5 अप्रैल – दृष्टिहीन और मूक-बधिर विद्यार्थियों के विशेष विषय
10वीं की परीक्षा 5 अप्रैल को समाप्त होगी।
सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य
मंडल के निर्देश के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र में उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्न पत्रों के वितरण के लिए भी समय निर्धारित किया गया है।
सुबह 9:05 बजे – उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण
सुबह 9:10 बजे – प्रश्न पत्रों का वितरण
सुबह 9:15 बजे – उत्तर लिखना शुरू होगा
विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले निर्धारित समय पर केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा।
1 जनवरी से 20 जनवरी तक होंगे प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट
बोर्ड की ओर से प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क की तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं। ये परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित होंगी।ओपन स्कूल के प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट परीक्षाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों पर ही कराई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर इन परीक्षाओं का आयोजन छुट्टी के दिन भी किया जा सकता है।
सार्वजनिक अवकाश पर भी होंगी निर्धारित परीक्षाएं
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान यदि कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी बोर्ड परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।इसके अलावा मंडल ने जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव करने का अधिकार सुरक्षित रखा है। किसी भी बदलाव की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
फिजिकल ट्रेनिंग डिप्लोमा परीक्षा का टाइम-टेबल भी जारी
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने फिजिकल ट्रेनिंग डिप्लोमा परीक्षा की समय-सारणी भी जारी की है। यह परीक्षा 12 मार्च से 20 मार्च 2027 तक आयोजित होगी।विद्यार्थी 10वीं, 12वीं और फिजिकल ट्रेनिंग डिप्लोमा परीक्षा का विस्तृत टाइम-टेबल मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।