रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी है। अब बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ता निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान कर 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को राहत देना और लंबित बिजली बिलों का आसान एवं त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना है।
उपभोक्ताओं को 72 करोड़ रुपये की राहत
ऊर्जा विभाग के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक करीब 700 करोड़ रुपये के बकाया बिजली बिलों पर सरचार्ज माफ किया जा चुका है। इससे प्रदेश के उपभोक्ताओं को लगभग 72 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष राहत मिली है। घरेलू, कृषि और अन्य श्रेणी के हजारों उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान
बिजली वितरण कंपनी ने पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान करें। योजना के तहत आवेदन और भुगतान की सुविधा बिजली कार्यालयों के अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे उपभोक्ताओं को सुविधा और पारदर्शिता दोनों मिल सके।