रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के साथ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
ट्रांसफर नीति पर टिकी कर्मचारियों की नजर
कैबिनेट बैठक में सबसे अधिक चर्चा नई स्थानांतरण नीति को लेकर होने की संभावना है। लंबे समय से तबादलों पर लगी रोक हटाने की मांग उठ रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार नई ट्रांसफर पॉलिसी को मंजूरी दे सकती है, जिसके बाद विभिन्न विभागों में तबादलों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक के एजेंडे में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय भी शामिल हैं। आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कस्टम मिलिंग नीति और किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। सरकार कृषि क्षेत्र से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निर्णय ले सकती है।
आज से शुरू होगी CM हेल्पलाइन 1076
सुशासन तिहार के समापन के बाद राज्य सरकार जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए CM हेल्पलाइन 1076 सेवा की शुरुआत करने जा रही है। इस सुविधा के तहत नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
ऑनलाइन और व्हाट्सएप से भी दर्ज होगी शिकायत
सरकार ने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप जैसी डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं। इससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
सुशासन तिहार के फीडबैक पर भी होगी समीक्षा
कैबिनेट बैठक में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और फीडबैक की समीक्षा भी की जा सकती है। इसके अलावा कर्मचारियों, किसानों और उद्योगों से जुड़े विभिन्न विभागीय प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
कई बड़े फैसलों की उम्मीद
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से यह कैबिनेट बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आज की बैठक में लिए जाने वाले फैसले राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था, किसान हित और जनसेवा से जुड़ी योजनाओं को नई दिशा दे सकते हैं।