छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और योजना के अन्य लाभों का फायदा उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकें।
कबीर महोत्सव में की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह घोषणा सोमवार को रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर महोत्सव के दौरान की। कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत भी मौजूद रहे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं।
कई योजनाओं का मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।