छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में सीएम हेल्पलाइन 1076 का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन प्रणाली के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित मंत्रिपरिषद के कई सदस्य मौजूद रहे।
सुशासन और त्वरित समाधान की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक की समस्या को सुनना और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए यह पहल की गई है। सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त जन शिकायतों, सुझावों और प्रतिक्रियाओं ने एक मजबूत और स्थायी जनसंपर्क व्यवस्था की आवश्यकता को उजागर किया था, जिसके बाद इस हेल्पलाइन प्रणाली को विकसित किया गया।
42 विभाग और 1195 श्रेणियों की शिकायतें होंगी शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन से राज्य शासन के 42 विभागों के करीब आठ हजार अधिकारियों को जोड़ा गया है। इसके माध्यम से 1195 अलग-अलग श्रेणियों में शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा। प्रदेश के नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ सुझाव और सरकारी योजनाओं व सेवाओं पर फीडबैक भी दे सकेंगे।
पारदर्शिता और जवाबदेही को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रणाली सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को नई दिशा देगी। इससे जनता और शासन के बीच संवाद बेहतर होगा तथा विश्वास का रिश्ता और मजबूत बनेगा।