रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 जून से 30 जून 2026 तक 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में होने वाले इस शिविर में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शिविर में शामिल होकर नेताओं को संगठन मजबूत करने के गुर सिखाएंगे।
21 से 30 जून तक चलेगा प्रशिक्षण शिविर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है। पत्र में सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। यह शिविर लगातार 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें संगठन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
राहुल गांधी देंगे संगठन मजबूत करने के टिप्स
कांग्रेस नेतृत्व के लिए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत राहुल गांधी की मौजूदगी होगी। AICC के अनुसार राहुल गांधी ने शिविर में शामिल होने की सहमति दे दी है और वे किसी एक दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचकर संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं से संवाद और चुनावी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे। इसे आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
खड़गे और राहुल पहले भी दे चुके हैं प्रशिक्षण
पत्र में बताया गया है कि हाल ही में नियुक्त जिला और शहर अध्यक्षों को फरवरी 2026 में नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल किया गया था। उस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संगठन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। अब उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्य स्तर पर विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
PCC और वरिष्ठ नेताओं को भी दी गई जिम्मेदारी
AICC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) को प्रशिक्षण शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता, AICC सचिवों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा गया है। पत्र के मुताबिक वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों तक उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नए जिलाध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, जनसंपर्क और चुनावी प्रबंधन की बेहतर समझ देना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी पर फोकस
राजनीतिक जानकारों के अनुसार कांग्रेस इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए आगामी नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव और 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी को धार देना चाहती है। पार्टी संगठन को मजबूत कर राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ को और प्रभावी बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
21 जून दोपहर तक पहुंचने के निर्देश
AICC द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचना होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है।