छत्तीसगढ़ में इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। दुनिया के कई देशों में संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बाद राज्य सरकार ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और संक्रमण रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एयरपोर्ट पर बढ़ाई जाएगी सख्त स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर एयरपोर्ट सहित सभी प्रवेश बिंदुओं पर यात्रियों की सख्त स्वास्थ्य जांच के निर्देश दिए हैं। किसी भी संदिग्ध यात्री की पहचान होने पर उसकी तुरंत सूचना स्वास्थ्य विभाग को देने को कहा गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
एयरपोर्ट पर तैनात होगा नोडल अधिकारी
एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एयरपोर्ट पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अधिकारी यात्रियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा।
अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश
राज्य के सभी अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड, इमरजेंसी और रेफरल सिस्टम को तैयार रखने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जाए।
अफ्रीकी देशों में बढ़े मामले, WHO ने दी चेतावनी
कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।इसी स्थिति को देखते हुए भारत सहित कई देशों ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।