इबोला वायरस को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की अनिवार्य स्क्रीनिंग के निर्देश जारी किए हैं, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो यात्रियों की स्क्रीनिंग और निगरानी व्यवस्था का समन्वय करेगा। इसके अलावा संदिग्ध मरीजों की पहचान कर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने, आइसोलेशन और इमरजेंसी मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी उसी अधिकारी की होगी।
एयरपोर्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों पर बढ़ी निगरानी
राज्य सरकार ने इबोला संक्रमण की आशंका को देखते हुए एयरपोर्ट समेत अन्य प्रवेश केंद्रों पर निगरानी बढ़ा दी है। केंद्र सरकार के निर्देश पर दिल्ली सहित देश के कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर भी थर्मल स्क्रीनिंग शुरू की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यात्रियों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखी जा रही है।
क्या है इबोला वायरस?
Ebola Virus Disease एक बेहद खतरनाक और संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति या जानवर के शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थ जैसे खून, पसीना, लार और उल्टी के संपर्क में आने से फैलती है। यह गंभीर हेमोरेजिक फीवर का कारण बनती है और कई मामलों में जानलेवा साबित हो सकती है।
केंद्र सरकार भी अलर्ट मोड पर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में कहा था कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट, बंदरगाह और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही आईसीएमआर, एनसीडीसी और अन्य एजेंसियों को ट्रैकिंग, टेस्टिंग और सर्विलांस के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।