छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत इस बार बेहद भीषण गर्मी के साथ हुई है। सोमवार को पहले ही दिन राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। रायपुर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।दिनभर चली गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम नजर आई।
रात में भी नहीं मिल रही राहत
भीषण गर्मी का असर अब रात के तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही।घरों की दीवारें देर रात तक गर्म रहने से लोग बेचैनी महसूस कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने दी राहत की उम्मीद
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हल्की राहत मिलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दक्षिण बिहार के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और वहां से आंध्रप्रदेश तक बनी द्रोणिका के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।
इसके असर से 26 मई को प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है, लेकिन हल्की कमी से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल सकती है।
अगले तीन दिन जारी रहेगा गर्मी का असर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों, जिनमें दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर शामिल हैं, वहां अगले तीन दिनों तक गर्म और शुष्क हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।